वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र से करीब 12 किलोमीटर दूर छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर स्थित हरपूरा गांव में शनिवार रात कूलर में शॉर्ट सर्किट से बिस्तर में आग लग गई। हादसे में बिस्तर पर सो रहे पवन के तीन मासूम पुत्र डेढ़ वर्षीय रिंकू तथा दो माह के करन और कार्तिक झुलस गए। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में तीनों बच्चों को निजी साधन से सीएचसी दुद्धी लेकर पहुंचे। बताया गया कि बच्चे कमरे में कूलर के पास बिस्तर पर सो रहे थे, जबकि उनकी मां दूसरे कमरे में खाना बना रही थी। इसी दौरान कूलर की बिजली तार में शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारी निकली और बिस्तर में आग लग गई।
• धुआं भरने पर रोने की आवाज सुनकर मां पहुंची, तीनों बच्चों को बचाया
कमरे में धुआं भरने और बच्चों के रोने की आवाज सुनकर उनकी मां दौड़कर पहुंची। बिस्तर में आग लगी देखकर परिजनों ने तत्काल आग बुझाई और तीनों बच्चों को कमरे से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सीएचसी दुद्धी ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने प्राथमिक उपचार किया। रिंकू की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि करन और कार्तिक का उपचार सीएचसी में किया गया।