शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
घोरावल(सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के भरौली गांव में प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित तालाब में करीब पांच फीट लंबा मादा मगरमच्छ मिलने से हड़कंप मच गया। मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद रस्सी और बांस के सहारे मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
• मुक्खा फाल के जलाशय में छोड़ा गया मगरमच्छ
वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू किए गए मगरमच्छ को सुरक्षित मुक्खा फाल के जलाशय में छोड़ दिया। वन क्षेत्राधिकारी ज्ञानेश कुमार ने ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र में मगरमच्छ दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे पकड़ने का प्रयास न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें। घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।