Breaking News
दीवार बनाने के विवाद में जमकर चले ईंट-पत्थर, मां-बेटी घायल     |     चोरी की बाइक और सात मोबाइल के साथ दो शातिर चोर गिरफ्तार     |     जुगैल की बदलेगी तस्वीर, लगेंगे तीन नए 4G मोबाइल टॉवर     |     
Share on

  रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव

• पांच टॉवरों से सुधरेगा नेटवर्क, शिक्षा-स्वास्थ्य से लेकर डिजिटल सेवाओं तक आसान होगी ग्रामीणों की पहुंच

जुगैल(सोनभद्र)। जनपद की क्षेत्रफल के हिसाब से सबसे बड़ी ग्राम पंचायत जुगैल में लंबे समय से चली आ रही मोबाइल नेटवर्क की समस्या जल्द दूर होने वाली है। केंद्र व प्रदेश सरकार की पहल, जनप्रतिनिधियों के प्रयास और जिला प्रशासन की सक्रियता से पिपरा, गरदा और जोरावा में बीएसएनएल के तीन नए 4G मोबाइल टॉवर स्थापित किए जाएंगे। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि भौगोलिक परिस्थितियों के कारण क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क तक आमजन की आसान पहुंच बड़ी समस्या थी। उन्होंने बीएसएनएल के डीजी से समन्वय कर क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराया, जिसके बाद तीन अतिरिक्त टॉवरों की स्वीकृति मिली। इससे जुगैल ग्राम पंचायत में कुल पांच मोबाइल टॉवर हो जाएंगे। जिले में पूर्व में स्वीकृत 25 टॉवरों में से 22 की स्थापना का कार्य शुरू हो चुका है, जबकि तीन टॉवर वन विभाग से जुड़ी औपचारिकताओं के कारण लंबित हैं। तीन नए टॉवरों की स्वीकृति के बाद जिले के नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में स्थापित होने वाले नए मोबाइल टॉवरों की संख्या 28 हो गई है।

• इंटरनेट कनेक्टिविटी से शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग और रोजगार के अवसर होंगे आसान

बेहतर मोबाइल नेटवर्क मिलने से जुगैल के ग्रामीणों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलेगी। नेटवर्क की कमी के कारण आपात स्थिति में संपर्क करने, विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने तथा किसानों और युवाओं को डिजिटल सेवाओं का लाभ लेने में कठिनाई होती थी। कई बार ग्रामीणों को मोबाइल सिग्नल के लिए गांव से दूर ऊंचे स्थानों तक जाना पड़ता था। टॉवर स्थापित होने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन आवेदन, ई-गवर्नेंस और सरकारी योजनाओं तक पहुंच आसान होगी। पुलिस और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं से तत्काल संपर्क भी बेहतर हो सकेगा। स्थानीय व्यापारियों, किसानों और युवाओं को इंटरनेट आधारित सेवाओं का लाभ मिलने से रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है। ग्रामीणों का कहना है कि मोबाइल टॉवर की स्थापना उनकी वर्षों पुरानी मांग थी, जिसके पूरा होने से जुगैल क्षेत्र विकास की मुख्यधारा और डिजिटल भारत से मजबूती से जुड़ सकेगा।





Top