अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। सतबहनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कथित तौर पर डीजे पर गाना बजाने और शराब पार्टी का विरोध करना ग्रामीणों को भारी पड़ गया। ग्रामीणों ने अस्पताल में तैनात चिकित्सक सहित करीब आधा दर्जन अज्ञात लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के अनुसार रविवार रात छन्नु और लालबहादुर धान रोपाई के लिए मजदूर तलाशते हुए अस्पताल के पास पहुंचे थे। वहां परिसर में गाना बजता देख उन्होंने विरोध किया, जिस पर आरोप है कि चिकित्सक व अन्य कर्मचारियों ने दोनों के साथ लात-घूंसों से मारपीट कर दी। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार सुबह अस्पताल परिसर में पहुंचकर हंगामा किया और चिकित्सक को हटाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अस्पताल परिसर में आए दिन शराब पार्टी होती है और मरीजों के साथ भी कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया जाता है। उन्होंने अस्पताल की अव्यवस्थाओं और परिसर में कुत्ता पालने को लेकर भी नाराजगी जताई।
• ग्रामीणों ने दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की उठाई मांग, अधिकारियों ने जांच का दिया भरोसा
मारपीट के आरोपों से आक्रोशित ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान छन्नु लाल, लालबहादुर, रामप्यारे, दीनानाथ, जगमनिया, देवेन्द्र कुमार, फूलमती, उमेश सिंह, कृपाशंकर, जावित्री देवी, हरिप्रसाद, दयाशंकर, धनुकधारी और अशर्फी समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। मामले में तैनात चिकित्सक डा. बसंत ने आरोपों को अलग तरीके से रखते हुए कहा कि लोग गाली-गलौज कर रहे थे, इसलिए उन्हें डांट-फटकार किया गया। एडिशनल सीएमओ डा. प्रेमनाथ ने मामले की जानकारी नहीं होने की बात कहते हुए आवश्यक कार्रवाई और जांच कराने की बात कही। वहीं सीएचसी बभनी अधीक्षक डा. राजन ने भी घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही और जानकारी मिलने पर जांच कराने का भरोसा दिया।