Breaking News
भाजपा की भव्य तिरंगा यात्रा, हाथों में तिरंगा लेकर गूंजे ‘भारत माता की जय’ के नारे     |     वंदे मातरम - भारत माता की जय के नारों से सराबोर हुआ सोनभद्र     |     नशीले पदार्थों की बिक्री करने वाला युवक गिरफ्तार, सैकड़ों शीशी कोडीन सिरप एवं हेरोइन बरामद     |     
Share on

  रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव

• रिहंद, ओबरा व धनरौल बांध और रेणु नदी से कच्चा जल लेकर होगी पेयजल आपूर्ति

सोनभद्र(सोनभद्र)। नगरीय क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रदेश सरकार ने छह पेयजल परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं के तहत रिहंद, ओबरा व धनरौल बांध तथा रेणु नदी से कच्चा जल उठाकर ट्रीटमेंट के बाद आपूर्ति की जाएगी। पिपरी को रिहंद बांध से 6.53 एमएलडी, ओबरा को ओबरा बांध से 21.47 एमएलडी, अनपरा को रिहंद बांध से 30 एमएलडी, चुर्क को धनरौल बांध से 2.77 एमएलडी, सोनभद्र नगर पालिका को धनरौल बांध से 26 एमएलडी तथा रेणुकूट को रेणु नदी से 11 एमएलडी कच्चा जल उपलब्ध कराया जाना प्रस्तावित है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि परियोजनाओं के पूरा होने से नगरीय क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को मजबूती मिलेगी।

• इनटेक वेल, पाइपलाइन और पंपिंग स्टेशन का होगा निर्माण

परियोजनाओं के तहत उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) द्वारा इनटेक वेल, पाइपलाइन और पंपिंग स्टेशन सहित आवश्यक संरचनाओं का निर्माण कराया जाएगा। इनटेक वेल का निर्माण बाढ़ एवं कटान क्षेत्र से बाहर किया जाएगा और बांधों से निर्धारित मात्रा में केवल लाइव स्टोरेज से जल लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि आवश्यक ड्राइंग, डिजाइन एवं ले-आउट प्लान तैयार कर अनुमोदन के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अमृत 2.0 के तहत इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से रेणुकूट, अनपरा, पिपरी, चुर्क, ओबरा सहित अन्य नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छ, पर्याप्त एवं निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण सुधार होगा।





Top