रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रजमिलान में गत मंगलवार की दोपहर बिछियारी नदी में बालक को डूबता देख उसे बचाने के लिए नदी में कूदा अधेड़ तेज बहाव में बालक के साथ बह गया था। पुलिस और ग्रामीणों द्वारा लगातार तलाश किए जाने के बाद बृहस्पतिवार की सुबह घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नदी किनारे एक पेड़ में अधेड़ राजकुमार (50) पुत्र बहादुर का शव फंसा उतराया मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। अधेड़ का शव मिलने की जानकारी होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
• शव का पंचनामा कर अंत्यपरीक्षण के लिए भेजा जा रहा, बालक की तलाश जारी
इस संदर्भ में एसओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर अधेड़ का शव बरामद कर कब्जे में लिया गया है। शव का पंचनामा कराकर अंत्यपरीक्षण के लिए दुद्धी भेजा जा रहा है। वहीं नदी में डूबे बालक की तलाश अभी जारी है।