Breaking News
सोनभद्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मिलेगा निःशुल्क मार्गदर्शन     |     मृतक के क्रियाक्रम के लिए प्रबंधन ने पत्नी को दी 25 हजार की सहानुभूति राशि     |     बेसिक शिक्षा विभाग: 9,900 विद्यार्थी दिखाएंगे मेधा, चार चरणों में होगी प्रतियोगिता     |     
Share on

  रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव

• विद्यालय से जनपद स्तर तक प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, 31 अगस्त को होगा सम्मान समारोह

सोनभद्र। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों में गुणवत्तापूर्ण अधिगम, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं उत्कृष्ट शैक्षिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के लिए मेधावी छात्र प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता कक्षा 3, 5, 6 एवं 8 के विद्यार्थियों के लिए चार चरणों—विद्यालय, संकुल, ब्लॉक एवं जनपद स्तर—पर आयोजित होगी। प्रथम सत्र परीक्षा के आधार पर विद्यालय स्तर पर प्रत्येक पात्र कक्षा से शीर्ष दो विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा, जिसके माध्यम से करीब 9,900 विद्यार्थी अगले चरण में प्रतिभाग करेंगे। जनपद में कुल 2,068 विद्यालय, 333 संकुल एवं 10 विकास खंड इस पहल में शामिल होंगे।

• 28,944 विद्यार्थियों को मिलेगा सम्मान, जनपद स्तर पर 12 मेधावियों को विशेष पुरस्कार

संकुल स्तरीय प्रतियोगिता के बाद 2,664 विद्यार्थी ब्लॉक स्तर तक पहुंचेंगे, जबकि प्रत्येक विकास खंड से चयनित 80 विद्यार्थी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। प्रत्येक स्तर पर संबंधित कक्षा के शीर्ष तीन विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। विद्यालय, संकुल एवं ब्लॉक स्तर पर कुल 28,944 विद्यार्थियों को सम्मान मिलेगा। जनपद स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कक्षा 3, 5, 6 एवं 8 के कुल 12 विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 26 अगस्त को विद्यालय, 27 अगस्त को संकुल, 29 अगस्त को ब्लॉक और 31 अगस्त को जनपद स्तर की प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय ने प्रधानाध्यापकों को विद्यार्थियों की प्रभावी तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।





Top