सौरभ की रिपोर्ट
घोरावल(सोनभद्र)। नगर में बुधवार को जश्ने ईद मिलाद-उन-नबी का पर्व बड़े ही धूमधाम और अकीदत के साथ मनाया गया। शाम करीब 3 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान जुलूस मदरसा अशरफिया से निकलकर मुख्खा मोड़, मदरसा इस्लामिया और त्रिमुहानी होते हुए पुनः मुख्खा मोड़ पहुंचकर संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान लोग एकजुट होकर नारे बुलंद करते हुए जश्ने ईद मिलाद-उन-नबी का जश्न मनाते रहे। इस अवसर पर आपसी भाईचारे, सौहार्द और अमन का पैगाम दिया गया। रात्रि 9 बजे तक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अंगवस्त्र पहनाकर लोगों को सम्मानित किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर घोरावल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, घोरावल चौकी प्रभारी उदयनारायण सिंह, दीवान राजीव कुमार पुलिस फोर्स के साथ नगर में लगातार भ्रमण करते रहे। पुलिस की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जश्ने ईद मिलाद-उन-नबी हजरत मोहम्मद साहब के यौमे पैदाइश के अवसर पर मनाया जाता है। पर्व के दौरान लोगों ने एकजुटता के साथ अमन, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य चेखुर पांडेय, रमेश पाण्डेय, बरकत अली, जिला पंचायत सदस्य नीरज श्रीवास्तव, नगर पंचायत अध्यक्ष सूरज श्रीवास्तव, कार्यक्रम संयोजक मौलाना सादिक रजा, मुफ्ती अरशद, मौलाना मेराज, सौदागर, इनामुल हक अंसारी, मोहम्मद नईम, हसनैन अंसारी, शहाबुद्दीन, मुमताज अली, इमरान मंसूरी, समीर, समीम अहमद, वारिस, अमन मंसूरी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।