SVG इण्डिया न्यूज रूम
शाहगंज(सोनभद्र)। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत थाना शाहगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 6 क्विंटल 25 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 10 लाख रुपये, गांजा परिवहन में प्रयुक्त टाटा छह पहिया कंटेनर, दो मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 30 लाख रुपये है। कार्रवाई 23/24 सितंबर की रात रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर गौरीशंकर मंदिर के आगे पुलिया के पास की गई, जहां पुलिस को देखकर कंटेनर छोड़कर भाग रहे दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
• कंटेनर में बना था विशेष केबिन, ओडिशा से मिर्जापुर पहुंचाया जाना था गांजा
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिलीप कुमार देहुरी और संतोष कुमार साहू, निवासी ढेनकनाल, ओडिशा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान कंटेनर के आगे की तरफ लोहे की चादरों से वेल्डिंग कर बनाए गए विशेष केबिन में गांजा छिपाकर रखा गया था। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे ओडिशा के कटक निवासी एक व्यक्ति के लिए गांजा परिवहन करते थे और बरामद गांजा मिर्जापुर निवासी एक व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध थाना शाहगंज में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि बरामद मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।