वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के सुखड़ा गांव निवासी असर्फी भुइयां (58) पुत्र केशव भुइयां की जहरीले सर्प के डंसने से मौत हो गई। घटना गुरुवार देर शाम की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार असर्फी खेत में काम कर रहे थे, इसी दौरान जहरीले सर्प ने उन्हें डंस लिया। जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. सत्येंद्र प्रसाद ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
• पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
चिकित्सक की सूचना पर उपनिरीक्षक वीर बहादुर यादव हमराह आयुष्मान के साथ अस्पताल पहुंचे और आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। पूर्व ग्राम प्रधान मुन्ना लाल गौतम ने बताया कि सूचना मिलते ही वह अस्पताल पहुंचे। इस दौरान राकेश केशरी, मुन्ना भुइयां, कमलेश भुइयां सहित अन्य लोग मौजूद रहे। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और तीन पुत्रियों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।