सौरभ की रिपोर्ट
सोनभद्र। जनपद में लगातार हो रही अत्यधिक वर्षा और आगामी दिनों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने एडवाइजरी जारी कर सभी संबंधित अधिकारियों को पूर्ण अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, राजस्व, पुलिस एवं आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर वर्षा और जलस्तर की स्थिति पर नजर रखेंगी। नदियों, नालों, बांधों, जलाशयों एवं अन्य संवेदनशील जल निकायों का लगातार निरीक्षण करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुराने व जर्जर मकानों, पेड़ गिरने और जलभराव वाले संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
• सोन नदी और रिहंद जलाशय पर विशेष निगरानी, लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील
जिलाधिकारी ने सोन नदी, रिहंद जलाशय और अन्य प्रमुख जलाशयों के जलस्तर पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। बाणसागर डैम से डिस्चार्ज बढ़ाए जाने की सूचना के मद्देनजर सोन नदी के जलस्तर पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है, जबकि रिहंद डैम के गेट बंद होने के बावजूद जलस्तर की लगातार निगरानी के निर्देश हैं। ग्राम स्तर पर ग्राम प्रधान, लेखपाल, सचिव और पंचायत सहायक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, नाले, जलधाराओं, जलाशयों और बांधों के आसपास जाने से बचें, बच्चों को भी ऐसे स्थानों से दूर रखें तथा जलभराव या किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें।