रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। नवोदय मिशन एवं मालवीय मिशन के बच्चों तथा एनटीपीसी कर्मचारियों ने कविता पाठ, भाषण और भजन प्रस्तुत किए। महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने वातावरण को भावुक बना दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख रिहंद संजय असाटी ने गांधी जी और शास्त्री जी के जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया। उन्होंने सादगी, सत्यनिष्ठा, देशभक्ति, स्वच्छता और कर्तव्यनिष्ठा जैसे आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 के समापन अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सेवा और राष्ट्रभक्ति के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
.