वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को राम जानकी मंदिर, दिगंबर अखाड़ा के तत्वावधान में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बाबा वेद मोहन दास ब्रह्मचारी के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में सैकड़ों महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश धारण कर हिस्सा लिया। ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर गूंजते जय श्रीराम के उद्घोष और माता रानी के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। कलश यात्रा राम जानकी मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग (मेन रोड) होते हुए सीता मोड़ के रास्ते मुड़ीसेमर स्थित शिव मंदिर पहुंची। वहां सततवाहिनी नदी के तट पर पंडित नंदलाल तिवारी और आनंद कुमार दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं के कलश में पवित्र जल भरवाया। इसके बाद यात्रा वापस मंदिर परिसर पहुंची। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
• **नौ दिनों तक होगा नवरात्र पूजन और दुर्गा सप्तशती का पाठ**
कलश यात्रा के साथ ही राम जानकी मंदिर परिसर में नौ दिनों तक चलने वाले नवरात्र पूजन एवं दुर्गा सप्तशती पाठ के आयोजन का शुभारंभ किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के श्रद्धालु बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। कलश यात्रा के दौरान संजय कुमार गुप्ता, सुमन कुमार गुप्ता, ओमप्रकाश रावत, सत्यम जायसवाल, राजकमल गुप्ता, अमित केसरी और ग्राम प्रधान तारा देवी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
.