मीरजापुर(उत्तरप्रदेश)। ग्राम नयेपुर, जिगना में डॉ. भीमराव सामाजिक सेवा समिति ‘भीम सेना’ के तत्वावधान में विशाल राष्ट्रीय संविधान दिवस समारोह भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों ने सहभागिता की। समारोह में भारतीय संविधान की महत्ता, सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि एवं भीम सेना के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट भीमराव गौतम ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक के सम्मान, अधिकार और स्वतंत्रता की आधारशिला है। संविधान ने वंचित, शोषित, दलित, पिछड़े, आदिवासी और कमजोर वर्गों को समानता एवं न्याय के साथ आगे बढ़ने का अधिकार दिया है। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं संवैधानिक दायित्व है। भीम सेना पिछले तीन वर्षों से गरीबों, पीड़ितों और वंचितों को न्याय एवं सम्मान दिलाने के लिए संवैधानिक तरीके से संघर्ष कर रही है। संगठन शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, पीड़ित सहायता, कानूनी मार्गदर्शन और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी कार्य कर रहा है।
• सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत बनाने पर दिया जोर
प्रदेश अध्यक्ष एवं हाईकोर्ट अधिवक्ता प्रदीप कुमार मौर्य ने कहा कि संगठन जरूरतमंदों की सहायता और उन्हें न्याय दिलाने के लिए समर्पित है। भाईलाल कन्नौजिया एवं इंद्रलाल रविदासीय ने कहा कि भीम सेना गरीबों, मजदूरों और किसानों का संगठन है, जिसमें सभी समुदायों के लोग एकजुट होकर सामाजिक कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे लाल बहादुर शास्त्री एवं राजकरण बिंद ने संगठन के सामाजिक प्रयासों की सराहना की। समारोह में उपस्थित लोगों ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष भीमराव गौतम ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सुनील कुमार गौतम, अशोक कुमार गौतम, विजय कुमार प्रजापति, अखिलेश कुमार बिंद, कर्फ्यू लाल गौतम, प्रदीप कुमार गौतम, रविचंद गौतम, भोला नाथ गौतम, जगदीश प्रसाद विश्वकर्मा, एडवोकेट सरोज यादव, एडवोकेट उमेश गौतम, श्रवण कुमार बिंद, शुभम सरोज, प्रिंस सिंह, कमलेश कोल, नरेंद्र गौतम, धीरेंद्र राव अम्बेडकर, एडवोकेट अवकाश कुशवाहा, एडवोकेट पवन मौर्या, एडवोकेट प्रशांत मौर्या, डॉ. श्याम कुमार सोनकर, एडवोकेट अजहर अली, धम्म सागर भोला नाथ भंते सहित हजारों लोग उपस्थित रहे।
मंजय वर्मा की रिपोर्ट






