रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को क्षेत्र के विभिन्न देवी मंदिरों, पूजा पंडालों और घरों में मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की स्थापना कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान जरहा स्थित अजिरेश्वर मंदिर, बीजपुर बेड़ियां हनुमान मंदिर और दूदहिया माता मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। श्रद्धालुओं ने मां आदिशक्ति दुर्गा की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और देश-समाज के कल्याण की कामना की। नवरात्र के शुभारंभ पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
• घरों और पूजा पंडालों में धार्मिक अनुष्ठानों की धूम
नवरात्र के पहले दिन क्षेत्र के अनेक श्रद्धालुओं ने व्रत धारण किया। वहीं, नौ दिनों तक व्रत रखने वाले भक्तों ने विधि-विधान से कलश स्थापना कर दुर्गा सप्तशती का पाठ शुरू किया। विभिन्न पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना के साथ धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। मंदिरों में घंटा-घड़ियाल की गूंज और माता रानी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने तथा परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की। नवरात्र के पहले दिन मंदिरों और पूजा स्थलों पर उमड़ी भीड़ से क्षेत्र में पर्व को लेकर विशेष उत्साह नजर आया।
.