रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। सिरसोती पुनर्वास क्षेत्र में हाइवा की चपेट में आने से दुधारू गाय के दोनों पैर टूटने के बाद ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह सड़क जाम कर दिया। इससे बीजपुर-रेणुकूट मार्ग पर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। ग्रामीणों ने घायल गाय के इलाज का पूरा खर्च उठाने, सड़क पर ब्रेकर बनवाने, नियमित पानी का छिड़काव कराने और नाली निर्माण की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि भारी वाहनों की आवाजाही से धूल उड़ती है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
बुधवार अपराह्न एनटीपीसी रिहंद प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच वार्ता के बाद मांगों पर सहमति बनी और प्रबंधन के आश्वासन पर करीब 28 घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। जाम के कारण पेट्रोल पंप से पुनर्वास क्षेत्र और सिरसोती से शांतिनगर तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। राख लदे ट्रकों समेत अन्य वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर एनटीपीसी प्रबंधन के प्रतिनिधियों के साथ सीआईएसएफ के इंस्पेक्टर पीके गोराई और पुलिस के उपनिरीक्षक संतोष कुमार तिवारी मौजूद रहे। इसके बाद यातायात बहाल हो गया।