मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की ओर से अनुभव इंटर कॉलेज में जनजातीय समाज के महान नेता, शिक्षाविद् एवं समाज सुधारक बाबा कार्तिक उरांव की जयंती पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में अभाविप के विभाग संयोजक अमन जायसवाल ने उनके जीवन, संघर्ष और जनजातीय समाज के अधिकारों, शिक्षा एवं सामाजिक उत्थान के लिए किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता अभाविप के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संयोजक जनजाति छात्र कार्य मनोहन निषाद ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव के संघर्ष और जीवन मूल्यों को जनजातीय समाज कभी नहीं भुला सकता। उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उनके प्रयासों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
• विद्यार्थियों को महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश
प्रधानाचार्य रामप्रवेश की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम का संचालन राधाकृष्ण ने किया। संगोष्ठी में जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, शिक्षा के महत्व और समाज के योगदान पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित होकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया गया।