शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस ने स्टेट हाईवे-05 पर अनाधिकृत रूप से ट्रक खड़े कर जाम लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा एवं क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक यातायात नरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टोल प्लाजा के पास खनन बैरियर से बचने के उद्देश्य से ट्रकों को हाईवे पर अनाधिकृत रूप से खड़ा करने का मामला सामने आया। इसके चलते शक्तिनगर की ओर से आने वाले वाहनों को जाम का सामना करना पड़ा और एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई।
• 16 ट्रक मालिकों और 16 चालकों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया और यातायात व्यवस्था बहाल कराई। जांच में सामने आया कि खनन बैरियर से बचने के लिए ट्रकों को हाईवे पर खड़ा कर यातायात बाधित किया जा रहा था। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक यातायात की ओर से 16 वाहन स्वामियों और 16 चालकों सहित कुल 32 व्यक्तियों के विरुद्ध थाना रॉबर्ट्सगंज में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात व्यवस्था बाधित करने और सड़क पर अनाधिकृत रूप से वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई जारी
रहेगी।