रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। धनतेरस एवं आगामी दीपावली, भैया दूज और छठ पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा एवं पुलिस बल के साथ रॉबर्ट्सगंज के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर त्योहारों को आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। व्यापारियों को दुकानों में सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया।
• सर्राफा दुकानों का निरीक्षण कर दिए सुरक्षा निर्देश
पैदल गश्त के दौरान एसपी ने सर्राफा एवं ज्वेलरी दुकानों का विशेष निरीक्षण किया। दुकानदारों को सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने, प्रवेश और निकास द्वार पर सतर्क निगरानी करने तथा नकदी और कीमती आभूषणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को बाजारों में लगातार गश्त करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने को कहा गया। जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं।
रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव






