सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर अनपरा थाना क्षेत्र के बैरपान के पास कोयले से लदा एक अनियंत्रित ट्रेलर सामने से आ रही रोडवेज बस को टक्कर मारने के बाद पलट गया। हादसे में बस के पीछे बाइक से जा रहे दो लोग ट्रेलर और कोयले के नीचे दब गए, जबकि ट्रेलर चालक केबिन में फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद बाइक सवारों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि ट्रेलर चालक को केबिन से निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
• हादसे में मृतकों की हुई पहचान, घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में मृतकों की पहचान बाबूलाल पुत्र बखीरन निवासी रामपहरी, मकरा-सिंदूर, थाना पिपरी और मनोज यादव पुत्र लालचंद यादव निवासी भोपतपुर, थाना जियनपुर, आजमगढ़ के रूप में हुई है। वहीं घायलों में रमाशंकर, ईशान, राजन, आकाश यादव और कशिश शामिल हैं। रोडवेज बस में सवार चार यात्रियों सहित कुल पांच लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई है। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट






