दुद्धी(सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के बोलताकरम गांव में शनिवार दोपहर करीब दो बजे सड़क पार कर रही 70 वर्षीय धनपतिया देवी पत्नी स्व. हरिहर को तेज रफ्तार बाइक सवारों ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों के अनुसार, टक्कर लगने के बाद बाइक सवार दोनों युवक भी सड़क पर गिर पड़े। मौके पर पहुंचे परिजनों ने दोनों युवकों को पकड़कर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस की मदद से एंबुलेंस 102 के ईएमटी कुसुम यादव और चालक विजय राजभर ने घायल महिला को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।
• सिर में चोट और हाथ में फ्रैक्चर, बेहतर इलाज के लिए भेजा गया
जिला अस्पताल सीएचसी में उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि वृद्धा के एक हाथ में फ्रैक्चर है और सिर पर भी चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मनीष कुमार संवाददाता






