मिर्जापुर। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर मिर्जापुर और झिंगुरा रेलवे स्टेशन के बीच आमघाट के पास बड़ा रेल हादसा होने से बच गया। 10 नवंबर की शाम करीब 6:20 बजे खजुरी नदी पर तीसरी रेल लाइन के निर्माण कार्य के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई। इसकी चपेट में निर्माणाधीन पुल के आसपास की मशीनरी और अन्य सामान आ गए। मिट्टी धंसने से डाउन लाइन की ओर लगा बिजली का खंभा भी गिर गया। इसी दौरान वहां से गुजरने वाली गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15232) को खतरा देखते हुए निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों ने लाल झंडी दिखाकर रुकवा दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
• रातभर मरम्मत के बाद बहाल हुआ रेल परिचालन
घटना के बाद रेलवे ने एहतियातन डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया, जबकि अप लाइन पर संचालन जारी रखा गया। इस दौरान कई ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए गए और कुछ ट्रेनों को निरस्त करना पड़ा। रेलवे की तकनीकी टीमें रातभर ट्रैक और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत में जुटी रहीं। 11 नवंबर की सुबह 3:36 बजे ट्रायल इंजन चलाया गया। इसके बाद सुबह 4:15 बजे गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस को प्रभावित रेलखंड से गुजारा गया। सफल परीक्षण के बाद रेल यातायात बहाल कर दिया गया।
SVG इण्डिया न्यूज डेस्क







