डाला(सोनभद्र)। डाला बाजार क्षेत्र में वैभव मंडप मैरिज हॉल के सामने स्थित कटिंग के पास सुबह करीब पांच बजे तेज रफ्तार टिपर और ब्रेजा कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते दोनों वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के दौरान कार में तीन युवक सवार थे, जिन्हें स्थानीय युवकों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
कार सवारों की पहचान म्योरपुर थाना क्षेत्र के आश्रम मोड़ निवासी हिमांशु सिंह (23), सत्यार्थ सिंह (18) और अविनाश सिंह (20) के रूप में हुई है।
• स्थानीय युवकों की तत्परता से बची तीन जिंदगियां
डाला(सोनभद्र)। स्थानीय युवक गोविंद भारद्वाज, अवनीश देव पांडेय और अन्य लोगों ने आग की लपटें उठते देख कार में फंसे तीनों युवकों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना पर अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री की दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद टिपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटनाग्रस्त ब्रेजा कार का नंबर UP64 AH 2613 और टिपर का नंबर UP64 BT 7191 बताया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस फरार चालक की तलाश और मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है।
यशस्वी कन्नौजिया संवाददाता







