बभनी(सोनभद्र)। बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर मधुघुटरा मोड़ के पास शुक्रवार को फार्च्यूनर कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार संदीप का एक पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि अनियंत्रित फार्च्यूनर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चलगली गांव निवासी अर्जुन का 40 वर्षीय पुत्र संदीप बाइक से छत्तीसगढ़ की ओर से बभनी आ रहा था। इसी दौरान रेनुकूट की तरफ से छत्तीसगढ़ जा रही फार्च्यूनर से मधुघुटरा मोड़ के पास उसकी भिड़ंत हो गई।
• ग्रामीणों की मदद से घायल अस्पताल पहुंचाया गया, पुलिस ने कार कब्जे में ली
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस के जरिए घायल संदीप को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। सूचना मिलने पर बभनी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त फार्च्यूनर को कब्जे में लेकर थाने ले गई। कार चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
अजीत पाण्डेय संवाददाता






