दुद्धी(सोनभद्र)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी में शुक्रवार को बिजली गुल होने के बाद जनरेटर तत्काल चालू नहीं किए जाने से अस्पताल का बड़ा हिस्सा करीब 15 से 20 मिनट तक अंधेरे में डूबा रहा। इस दौरान इमरजेंसी और फार्मासिस्ट रूम को छोड़कर आईपीडी, ड्रेसिंग रूम और जनरल वार्ड में मरीजों का उपचार परिजनों के मोबाइल टॉर्च की रोशनी में किया गया। अस्पताल की इस अव्यवस्था ने स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों और बिजली बैकअप व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर को सड़क हादसे में घायल तीन मरीज शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे पट्टी कराने सीएचसी पहुंचे थे। इसी दौरान ड्रेसिंग रूम की बिजली गुल हो गई और जनरेटर नहीं चलने के कारण वार्ड बॉय को परिजनों के मोबाइल की रोशनी में ड्रेसिंग करनी पड़ी। वहीं, जनरल वार्ड में भर्ती बीमार बच्चे को भी नर्स ने मोबाइल टॉर्च की रोशनी में दवा दी।
मामले में सीएचसी अधीक्षक से जानकारी लेने पर उन्होंने पहले जनरेटर ठीक होने और डीजल उपलब्ध होने की बात कही, लेकिन दिन में जनरेटर चलाने पर सवाल उठाया। अंधेरे में इलाज होने की जानकारी देने के बाद उन्होंने जनरेटर चालू कराने की बात कही।
ड्रेसिंग रूम में वार्ड बॉय द्वारा परेशानी बताने के बाद जनरेटर चालू किया गया और बिजली बहाल हुई। भारतीय जन स्वास्थ्य मानकों (आईपीएचएस) के अनुसार बिजली आपूर्ति बाधित होने पर अस्पताल के वार्डों और ड्रेसिंग रूम में तत्काल जनरेटर बैकअप उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
मनीष कुमार संवाददाता






