करमा(सोनभद्र)। करमा थाना क्षेत्र की बबूराही ग्राम पंचायत के अतरवा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब विकास पटेल के घर के समीप स्थित एक छोटी सी बावली के किनारे मगरमच्छ चहलकदमी करता दिखाई दिया। घर के पास मगरमच्छ की मौजूदगी की खबर फैलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जाता है कि करीब 15 दिन पूर्व इसी मगरमच्छ को घाघर नहर में अतरवा गांव के समीप तैरते हुए देखा गया था। उस समय ग्रामीणों ने अनुमान लगाया था कि मगरमच्छ पानी के बहाव के साथ कहीं चला गया होगा, लेकिन दोबारा आबादी के बीच दिखाई देने से लोगों की चिंता बढ़ गई।
• पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को हटाया, वन विभाग को दी सूचना
शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे मगरमच्छ दिखाई देने पर ग्रामीणों ने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को मगरमच्छ से दूर किया और वन विभाग को मामले से अवगत कराया। इसी बीच ग्रामीणों ने हिम्मत जुटाकर मगरमच्छ को रस्सियों के सहारे नियंत्रित कर लिया और वन विभाग की टीम की अगली कार्रवाई का इंतजार करने लगे। प्रत्यक्षदर्शी अमित पटेल एवं विकास ने बताया कि मगरमच्छ की लंबाई करीब पांच फीट से भी अधिक है। घरों के आसपास मगरमच्छ मिलने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
SVG इण्डिया न्यूज डेस्क






