सोनभद्र। जनगणना-2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। आमजन की सुविधा के लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके तहत लोग आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर घर बैठे अपने परिवार के सभी सदस्यों का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे। ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राप्त SE ID को सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा, जिसे घर पहुंचने वाले प्रगणकों को उपलब्ध कराना होगा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से जनगणना के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है।
जनगणना के दूसरे चरण में 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। इसके बाद 05 से 09 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य होगा।
सोनभद्र में अभियान के लिए 4,469 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं तथा 3,781 प्रगणक और 647 सुपरवाइजर सहित कुल 4,428 कार्मिकों की तैनाती की गई है। इनके प्रशिक्षण का कार्य भी पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने अपील की है कि प्रत्येक परिवार पोर्टल पर सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज कराए और प्राप्त SE ID सुरक्षित रखे, ताकि प्रगणकों द्वारा विवरण का सत्यापन किया जा सके। जनगणना देश की भावी योजनाओं और विकास की दिशा निर्धारित करने का महत्वपूर्ण आधार है।
रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव







