घोरावल(सोनभद्र)। घोरावल तहसील क्षेत्र के महुआंव पाण्डेय गांव निवासी वरिष्ठ समाजसेवी, अधिवक्ता, साहित्यकार, पत्रकार एवं कवि राम अनुज धर द्विवेदी को गोपाष्टमी के अवसर पर अखिल भारतीय गौ भक्त काव्य कला संगम सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया।
धर्म सम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज की स्मृति में काशी हिन्दी विद्यापीठ, वाराणसी द्वारा संचालित अखिल भारतीय लेखक, कवि, कलाकार परिषद की ओर से लखनऊ के सैनिक नगर स्थित श्री जनकल्याणेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
• साहित्यिक एवं सामाजिक योगदान के लिए मिला सम्मान
समारोह में देश एवं प्रदेश के प्रतिष्ठित कवि, लेखक और साहित्यकार शामिल हुए। राम अनुज धर द्विवेदी को उनके साहित्यिक लेखन, कविता संग्रह, साहित्यिक आयोजनों में सहभागिता एवं सामाजिक क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इससे पूर्व भी उन्हें सोन रत्न, सोन गौरव, समाज शिरोमणि, कर्मवीर योद्धा, कोरोना योद्धा, पत्रकार गौरव, हिन्दी गौरव रत्न, पूर्वांचल एकता सम्मान, स्वामी विवेकानंद युवा सम्मान सहित कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। उन्हें विद्या वाचस्पति की मानद उपाधि से भी सम्मानित किया जा चुका है। समारोह में काव्य पाठ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पुस्तक एवं पत्रिका विमोचन के साथ सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
SVG इण्डिया न्यूज डेस्क







