दुद्धी(सोनभद्र)। तहसील क्षेत्र में लगातार हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में पानी भरने और धूप नहीं निकलने से धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और धुंध के कारण सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। बारिश से जहां किसानों की फसल प्रभावित हो रही है, वहीं आम जनजीवन और पशु-पक्षियों पर भी इसका असर पड़ रहा है। किसान अब अपनी फसल को बचाने की जद्दोजहद में जुटे हैं।
• कटाई और उपज को बाजार पहुंचाने में आ रही परेशानी
ग्रामीण किसानों का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से लगातार बारिश के कारण धान की खेती प्रभावित हो रही है। कटाई के समय बारिश होने से खेतों में खड़ी फसल के साथ काटकर रखी गई धान की उपज भी खराब होने का खतरा बना हुआ है। किसानों को उपज बाजार तक पहुंचाने में भी परेशानी हो रही है। मजदूरी, खाद, बीज और कीटनाशक पर हुए खर्च के बाद अब लागत निकालना भी मुश्किल होता जा रहा है।
रामबाबू संवाददाता







