सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सोनभद्र पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की ओर से कस्बे के होटल और रेस्टोरेंटों में अग्नि सुरक्षा को लेकर सघन अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण में अग्निशमन अधिकारी ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में लगे अग्निशमन उपकरणों का निरीक्षण कर उनकी कार्यशीलता परखी। इस दौरान कर्मचारियों को उपकरणों के सही संचालन और आग लगने की स्थिति में शुरुआती स्तर पर बचाव एवं आग पर नियंत्रण पाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
• धुएं में फंसने पर सुरक्षित बाहर निकलने के बताए उपाय
अभियान के दौरान होटल एवं रेस्टोरेंट कर्मचारियों को आग लगने के संभावित कारणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। धुएं से भरे कमरे या भवन में फंसने पर नीचे झुककर अथवा रेंगते हुए बाहर निकलने, घबराहट से बचने और सुरक्षित स्थान तक पहुंचने के तरीके समझाए गए। प्रतिष्ठान संचालकों को अग्निशमन उपकरण हमेशा क्रियाशील एवं आसानी से उपलब्ध रखने तथा अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
सौरभ की रिपोर्ट







