अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उसे खुला चैलेंज देते हुए कहा कि कांग्रेस मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी के बिना सरकार बनाकर दिखाए. इसके अलावा मध्य प्रदेश की दमोह विधानसभा में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी दृगपाल सिंह लोधी के समर्थन में आयोजित जनसभा में शामिल हुए अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसा भी समय रहा जब समाजवादी पार्टी के 8-8 विधायक यहां से जीते हैं. कोई चुनाव ऐसा नहीं गया जिसमें सपा ने खाता न खोला हो. इसलिए इस बार फिर मैं आप लोगों से निवेदन और अपील करने आया हूं कि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी दृगपाल सिंह लोधी को एक-एक वोट देकर के जिताकर विधानसभा में पहुंचाएं।
उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि दो लोगों के बीच में राजनीति चल रही है कभी बीजेपी कभी कांग्रेस, कभी कांग्रेस, कभी बीजेपी. मैं आप लोगों से कहना चाहता हूं जिन-जिन प्रदेशों में किसानों, गरीबों, पिछड़े, दलित और आदिवासियों की ताकत एक हो गई वहां भारतीय जनता पार्टी का और कांग्रेस का सफाया हो गया.
इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश को नई विचारधारा की जरूरत है, नए दल की जरूरत है, नए गठबंधन की जरूरत है और हमें उम्मीद है कि हमारी जनता का पीडीए का गठबंधन बनेगा और एनडीए भी हारेगा और कांग्रेस भी हारेगी।