अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। थाना बभनी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में घायल उत्तर प्रदेश पुलिस के आरक्षी नीरज कुमार यादव की उपचार के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पीआरवी 7708 पर तैनात आरक्षी मंगलवार शाम करीब 4:40 बजे एक इवेंट के सिलसिले में मोटरसाइकिल से जा रहे थे। जैसे ही वह दरनखांड़ तिराहे के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल आरक्षी को सीएचसी बभनी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज लोढ़ी और फिर ट्रामा सेंटर बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया, लेकिन बुधवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
• पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर भेजा जेल
घटना के बाद बभनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मु0अ0सं0-98/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109, 324(4) और 105 में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक संदीप यादव निवासी कुशेरा, जनपद भदोही को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद ने बताया कि गठित पुलिस टीम द्वारा आरोपी चालक को पकड़कर वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।