रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत भारतीय भाषाओं के संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मयोरपुर ब्लॉक स्थित नेमना कम्पोजिट विद्यालय में भारतीय सांकेतिक भाषा विषयक समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। समर कैंप के तीसरे दिन नोडल शिक्षिका कुसुम सिंह ने बच्चों को बांग्ला भाषा की लिपि और अक्षरों की जानकारी दी। इस दौरान विद्यालय के बच्चों ने मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राधेश्याम गुर्जर और सुशील कुमार गुप्ता का भारत की विभिन्न भाषाओं और शैली में अभिवादन कर समर कैंप में सीखे गए अनुभव साझा किए।
• बच्चों ने संकेतों के माध्यम से अक्षरों की प्रस्तुति भी दी
बच्चों ने यह भी प्रदर्शन किया कि अक्षरों को संकेतों के माध्यम से किस प्रकार व्यक्त किया जाता है। शिक्षक मनोज कुमार दुबे ने संस्कृत भाषा की विशेषताओं की जानकारी देते हुए कहा कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी मानी जाती है और भारत भाषाई विविधताओं से समृद्ध देश है। उपस्थित अतिथियों ने समर कैंप की सराहना करते हुए कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग के ऐसे आयोजन बच्चों के ज्ञान और प्रतिभा को नई दिशा देते हैं। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्रधानाध्यापक सुमित्रा देवी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समर कैंप के आयोजन में शिक्षक ज्वाला प्रसाद, उर्मिला विश्वकर्मा, सुदेश्वरी देवी और मासुमा की अहम भूमिका रही।