Breaking News
सर्पदंश से महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम     |     विषाक्त पदार्थ के सेवन से अधेड़ की मौत, परिजनों में मचा कोहराम     |     तालाब में पलटा बच्चों से भरा स्कूल वाहन, आधा दर्जन से अधिक मासूम घायल     |     
Share on

  अजीत पाण्डेय संवाददाता

• ग्रामीणों ने पानी में उतरकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार के आरोप

बभनी(सोनभद्र)। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की सख्तियों के बावजूद स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला हादसा सामने आया है। मैरहवा गांव के पास शुक्रवार को लिटिल एंजेल प्राइवेट विद्यालय चपकी का बच्चों से भरा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे तालाब में पलट गया। वाहन में करीब 15 से 20 बच्चे सवार बताए जा रहे हैं। हादसे में आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार तेज थी और अचानक अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरा, जिसके बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी राजाराम, रामप्रकाश, धीरज ह्रदय, अवधेश और रामकिशुन ने पानी में उतरकर बच्चों को एक-एक कर बाहर निकाला। ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और घटना के बाद मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन बचरा निवासी अतहर हुसैन उर्फ बच्चा का है। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और स्कूल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्रीय निवासियों ने आरोप लगाया कि निजी स्कूलों में बच्चों को क्षमता से अधिक संख्या में वाहनों में बैठाकर लाया-ले जाया जाता है और चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब जिला प्रशासन और पुलिस विभाग स्कूली वाहनों की सुरक्षा मानकों की जांच का दावा करते हैं, तो स्थानीय स्तर पर मानकविहीन और ओवरलोडेड वाहनों का संचालन कैसे जारी है। फिलहाल घायल बच्चों का उपचार सीएचसी बभनी में जारी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बभनी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल रिसीव नहीं हुआ।





Top