SVG इण्डिया न्यूज डेस्क
घोरावल(सोनभद्र)। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन श्री ऋषभ रुणवाल ने थाना घोरावल का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। थाना परिसर पहुंचने पर गार्ड द्वारा सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने थाना कार्यालय, शस्त्रागार, मालखाना, मेस एवं आवासीय परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। शस्त्रागार में शस्त्रों व कारतूसों का भौतिक सत्यापन किया गया तथा पुलिसकर्मियों से शस्त्र खोलने और जोड़ने की प्रक्रिया का परीक्षण किया। शस्त्रों की सुरक्षित देखरेख और नियमित अभ्यास को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मालखाने एवं विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों की स्थिति की भी समीक्षा कर उन्हें अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
• महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर दिए विशेष निर्देश
मिशन शक्ति के तहत महिला हेल्प डेस्क, महिला संबंधी शिकायतों के निस्तारण, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा हेल्पलाइन के प्रचार-प्रसार की समीक्षा की गई। महिला एवं बाल अपराधों के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ने थाना पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनका कुशल-क्षेम जाना और समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी घोरावल श्री राजेश कुमार राय, थाना प्रभारी घोरावल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।