दुद्धी(सोनभद्र)। बरवाडीह से बरेली तक चलने वाली महत्वपूर्ण त्रिवेणी एक्सप्रेस का संचालन पुनः पूर्ववत नियमित रूप से शुरू कराने की मांग को लेकर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने आवाज उठाई। जिला कांग्रेस कमेटी सोनभद्र के दुद्धी विधानसभा प्रभारी सारद पनिका के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम संबोधित ज्ञापन दुद्धी स्टेशन अधीक्षक को सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि त्रिवेणी एक्सप्रेस सोनभद्र, दुद्धी, रेणुकूट, चोपन और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लाखों यात्रियों के आवागमन का प्रमुख साधन रही है। इससे मजदूरों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, मरीजों और नौकरीपेशा लोगों को लखनऊ सहित उत्तराखंड एवं अन्य क्षेत्रों में आने-जाने में सुविधा मिलती थी।
कोविड काल से ट्रेन का संचालन प्रभावित होने के कारण क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
• 15 दिनों में मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि जनहित में त्रिवेणी एक्सप्रेस का नियमित संचालन 15 दिनों के भीतर शुरू कराया जाए अथवा दुद्धी नगर और आसपास के स्टेशनों से होते हुए लखनऊ तक दूसरी एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि निर्धारित समय में मांग पूरी नहीं होने पर किसान, मजदूर, विद्यार्थी और व्यापारी आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर सारद पनिका, पूनम पठारी, निरंजना देवी, प्रकाश भारती, अनुराधा, लक्ष्मी नारायण गुप्ता, वेद प्रकाश, गंभीरा प्रसाद, चन्द्रदेव गौड़, राम मनोहर नोरके, चन्द्रावती, अशोक यादव, रामप्रताप, अर्जुन पनिका सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मनीष कुमार संवाददाता







