लालगंज(मिर्जापुर)। ड्राइवरों के हक, सम्मान और अधिकारों की मांग को लेकर ड्राइवर संगठन ने प्रदेशव्यापी 'स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन' का ऐलान किया है। गुरुवार को लालगंज में संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक हुई, जिसमें आंदोलन को सफल बनाने, संगठन की मजबूती और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
पदाधिकारियों ने कहा कि ड्राइवर दिन-रात मेहनत कर देश की अर्थव्यवस्था को गति देते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सुरक्षा, सम्मान और बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। चालान, पुलिस उत्पीड़न, पार्किंग, बीमा, स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव और कम मजदूरी जैसी समस्याओं से चालक लगातार जूझ रहे हैं।
• गांव-गांव जाकर चालकों को संगठन से जोड़ने का निर्णय
पदाधिकारियों ने सभी ड्राइवरों से एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि संगठन अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण एवं संगठित तरीके से आवाज उठाएगा तथा आम जनता को परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जाएगा। बैठक में गांव-गांव और ब्लॉक स्तर पर अभियान चलाकर चालकों को संगठन से जोड़ने का निर्णय लिया गया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मुल्तान शाह, जिला अध्यक्ष राजा राम मौर्या, ब्लॉक अध्यक्ष लालगंज राजकुमार गुप्ता, भगवती प्रसाद, अमरेश पाल, हंसराज गोंड, राजकुमार विश्वकर्मा, रामबाबू विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं चालक मौजूद रहे। बैठक के अंत में ड्राइवरों की एकता मजबूत करने और अधिकारों की लड़ाई संगठित होकर लड़ने का संकल्प लिया गया।
मंजय वर्मा की रिपोर्ट







