राबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। ई-रिक्शा संचालन पर लगी रोक से परेशान सैकड़ों चालकों ने पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा के नेतृत्व में चुर्क रामलीला मैदान से पुलिस लाइन पहुंचकर पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपा। चालकों ने पूर्व की भांति ई-रिक्शा को धर्मशाला चौराहे तक संचालित करने की अनुमति देने की मांग की।
अविनाश कुशवाहा ने कहा कि चालक बैंक से ऋण लेकर ई-रिक्शा खरीदते हैं और इसी के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करने के साथ बैंक की किस्तें चुकाते हैं। राबर्ट्सगंज से आगे जाने पर रोक लगाए जाने से उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। वहीं, आम जनता को भी दोहरे किराए का बोझ उठाना पड़ रहा है।
• भेदभावपूर्ण कार्रवाई बंद कर राहत देने की मांग
चालकों ने बताया कि पहले ई-रिक्शा धर्मशाला चौराहे तक सवारियां लेकर जाते थे, जिससे मरीजों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलती थी। पूर्व चेयरमैन चुर्क सईद कुरैशी ने कहा कि उसी मार्ग पर बड़े वाहन और निजी बसें भी संचालित होती हैं तथा सड़क किनारे बसें खड़ी कर सवारियां बैठाई जाती हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है। इसके बावजूद ई-रिक्शा चालकों पर ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। चालकों ने प्रशासन से भेदभावपूर्ण व्यवहार बंद कर आम जनता की सुविधा और उनकी आजीविका को ध्यान में रखते हुए धर्मशाला चौराहे तक संचालन की अनुमति देने की मांग की। उन्होंने कहा कि वे यातायात नियमों का पालन करने को तैयार हैं, लेकिन उनकी रोजी-रोटी प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
यशस्वी कन्नौजिया संवाददाता






