घोरावल(सोनभद्र)। डाला छठ पर्व को लेकर नगर पंचायत प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार शाम करीब पांच बजे एसडीएम विशाल कुमार, क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय, अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सरोज और प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने पुलिस एवं प्रशासनिक टीम के साथ नगर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दशमीहवा, थनहवा और भंगहवा तालाब पहुंचकर साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसडीएम ने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिया कि पर्व से पहले सभी तालाबों और घाटों की सफाई हर हाल में पूरी कराई जाए। घाटों पर जमा गंदगी, झाड़ियों और कचरे को हटाने के साथ ही आसपास हुए अतिक्रमण को भी हटाया जाए।
• गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए होगी बैरिकेडिंग
क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सभी तालाबों में बांस-बल्ली लगाकर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोका जा सके। उन्होंने छठ पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। इसके अलावा अधिकारियों ने कर्मा और शाहगंज के प्रमुख स्थानों का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में डाला छठ पर्व मना सकें।
SVG इण्डिया न्यूज डेस्क






