रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। जरहा गांव के चेतवा राजो लिंक मार्ग पर सड़क किनारे नमामी गंगे हर घर नल जल योजना की पाइप लाइन फटने से लाखों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई महीनों से पाइप लाइन से पानी रिसाव हो रहा था, लेकिन कुछ दिनों से पाइप अधिक फट जाने के कारण सड़क पर पानी की धारा बहने लगी है। इससे सड़क और उसकी पटरियों की मिट्टी कटकर खराब हो रही है, वहीं भीषण गर्मी में ग्रामीण पानी के लिए परेशान हैं। ग्रामीणों ने बताया कि एक पाइप लाइन संजय के घर के पास और दूसरी बसंत के घर के पास फटी हुई है, जिससे लगातार पानी बह रहा है।
• शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, कई घरों में अब तक नहीं मिला कनेक्शन
ग्रामीण शिवप्रसाद कुशवाहा, कामेश्वर सोनी, नंदलाल सोनी, धर्म नारायन सिंह, सलामत खा, प्रेमलाल, राजेश प्रसाद, पिंटु, बिहारी लाल, संजय, विद्याशंकर विश्वकर्मा, गिरजाशंकर, रामप्रसाद और बबई प्रसाद सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि दो महीनों से पानी लीकेज होकर बर्बाद हो रहा है, लेकिन शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। ग्रामीणों का कहना है कि पाइप लाइन ज्यादा फट जाने से उनके घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा और उन्हें पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। वहीं चेतवा मोड़ पर कई घरों में अभी तक हर घर नल जल योजना के तहत कनेक्शन भी नहीं किया गया है। इस संबंध में नमामि गंगे के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रहलाद कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद टीम भेज दी गई है और शाम तक लीकेज ठीक करा दिया जाएगा। साथ ही जिन घरों में कनेक्शन नहीं हुआ है, वहां भी जल्द कनेक्शन कराया जाएगा।