Breaking News
कनहर परियोजना में सुस्ती पर डीएम सख्त, अधिकारियों और ठेकेदारों को चेतावनी     |     आंधी-तूफान के बाद प्रशासन अलर्ट, बिजली-पानी बहाली के लिए युद्धस्तर पर काम के निर्देश     |     हर घर पानी पहुंचाने में लापरवाही पर डीएम सख्त, जून तक जलापूर्ति पूरी करने का अल्टीमेटम     |     
Share on

  मनीष कुमार संवाददाता

• अमवार पेयजल योजना का औचक निरीक्षण, प्रतिदिन 250 घरों में कनेक्शन देने का निर्देश

दुद्धी(सोनभद्र)। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने दुद्धी क्षेत्र स्थित अमवार ग्राम समूह पेयजल योजना का औचक निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जून माह तक प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचना चाहिए और किसी भी गांव में पानी की आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। परियोजना प्रबंधक ने जानकारी दी कि कनहर डैम से पानी उठाकर कुल 54 गांवों में जलापूर्ति की जानी है, जबकि वर्तमान में अमवार, बाघाडू, दिघुल, देवपुरा, टेड़ा और जामापानी समेत 6 गांवों में नियमित आपूर्ति शुरू कर दी गई है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम दिघुल के प्रधान से फोन पर बातचीत कर जमीनी स्थिति जानी, जहां 60 प्रतिशत घरों में अब तक पाइपलाइन कनेक्शन नहीं होने और कई घरों तक नियमित पानी न पहुंचने की बात सामने आई।

• पाइपलाइन टूटने पर कार्रवाई की चेतावनी, रोजाना प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश

स्थिति पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को 250 मैनपावर लगाकर प्रतिदिन कम से कम 250 घरों में कनेक्शन देने का लक्ष्य तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है वहां ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस टीम तत्काल मरम्मत कराए, ताकि किसी गांव की जलापूर्ति प्रभावित न हो। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि पाइपलाइन टूटने या अन्य कारणों से यदि किसी गांव की पानी आपूर्ति बाधित होती है तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी गांवों में हाउस कनेक्शन का कार्य युद्धस्तर पर कराने, प्रतिदिन जीओ टैगिंग कराने और नियमित प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।





Top