SVG इण्डिया न्यूज रूम
जुगैल(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र में देर रात तीन युवकों के साथ मारपीट और कथित लूट का मामला सामने आया है। घायलों के अनुसार वे शादी के लिए घर में रखने के उद्देश्य से रुपये लेकर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में तीन बाइक पर सवार करीब नौ लोगों ने उनकी बाइक रोक ली और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। पीड़ितों का यह भी दावा है कि हमलावरों ने उनके पास मौजूद नकदी छीन ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
• शोर सुनकर पहुंचे परिजनों से भी मारपीट का आरोप
घायलों का आरोप है कि शोर सुनकर उन्हें बचाने पहुंचे परिजनों के साथ भी हमलावरों ने मारपीट की। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, मारपीट और लूट के आरोप फिलहाल पीड़ित पक्ष के हैं, जिनकी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है और उसी के आधार पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।