वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। सोमवार अपराह्न हुई मूसलाधार बारिश ने विंढमगंज-कोन मुख्य मार्ग स्थित रेलवे अंडरपास (गेट संख्या-49) की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। तेज बारिश के चलते अंडरपास में भारी मात्रा में पानी भर गया, जिससे पूरा मार्ग जलमग्न हो गया और आवागमन प्रभावित हो गया। हालात ऐसे रहे कि दोपहिया वाहन लगभग पानी में डूब गए, जबकि चारपहिया वाहन भी जोखिम उठाकर पानी से गुजरते नजर आए। कई वाहनों के भीतर तक पानी भर गया, जिससे अंडरपास के दोनों ओर लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
• ग्रामीणों ने उठाई स्थायी समाधान की मांग, स्टेशन अधीक्षक ने उच्चाधिकारियों को कराया अवगत
राहगीरों गोरखनाथ, रमेश यादव, उमाशंकर और प्रेमनाथ ने बताया कि हर बारिश में अंडरपास में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामले की जानकारी स्टेशन अधीक्षक आलोक कुमार को दी गई है। उन्होंने बताया कि समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है तथा उनके निर्देशानुसार ठेकेदार से आवश्यक कार्य कराया जाएगा।