शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
चोपन(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र स्थित कोठा टोला के एक क्रेशर प्लांट में सोमवार को करंट लगने से 40 वर्षीय प्रमोद पुत्र नवरत्न की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद साथी मजदूर उन्हें उपचार की उम्मीद में तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों का परिवार छोड़ गया है।
• पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत के कारणों की पुष्टि
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। हादसे के बाद मजदूरों में शोक का माहौल है। वहीं बरसात के मौसम में क्रेशर प्लांटों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सुरक्षा मानकों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।