मंजय वर्मा की रिपोर्ट
को0देहात(मीरजापुर)। शादी कराने के नाम पर ठगी कर जबरन वसूली करने वाले गिरोह का कोतवाली देहात पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। राजस्थान निवासी पुष्पेन्द्र की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। शिकायत के अनुसार 28 जून को लोहंदी कला स्थित हनुमान मंदिर में वादी को उसके रिश्तेदारों की शादी कराने का झांसा देकर ठगी की गई और जबरन रुपये वसूले गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक मीरजापुर के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ठगी की ₹1.30 लाख की रकम आरोपियों के बैंक खातों में होल्ड करा दी।
• मुख्य आरोपी समेत पांच गिरफ्तार, विधिक कार्रवाई जारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लवकुश, गुडिया यादव, राधा कोल, दीपक पाल तथा राजेन्द्र कुमार यादव को 30 जून को लोहंदी कला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।