शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
अनपरा(सोनभद्र)। मानसून की पहली तेज बारिश के बीच अनपरा थाना क्षेत्र के एमटीसी कंपनी के पास औड़ीमोड़ में दर्दनाक हादसा हो गया। उफनाए बरसाती नाले की चपेट में आने से 25 वर्षीय महिला और उसका आठ माह का मासूम बह गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। काफी तलाश के बाद मासूम का शव बरामद कर लिया गया, जबकि महिला का समाचार लिखे जाने तक कोई पता नहीं चल सका था। नाले के किनारे महिला के कपड़े मिलने के बाद आशंकाएं और गहरा गई हैं।
• शौच के लिए निकली थी महिला, अचानक बढ़े जलस्तर में बहने की आशंका
प्रारंभिक जांच के अनुसार महिला का घर बरसाती नाले के समीप है। आशंका जताई जा रही है कि वह अपने मासूम बच्चे को लेकर घर से बाहर निकली थी, तभी अचानक हुई तेज बारिश से नाले का जलस्तर और बहाव बढ़ गया, जिससे दोनों उसकी चपेट में आ गए। घटना के समय महिला का पति घर पर मौजूद नहीं था। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर लगातार नाले एवं आसपास के क्षेत्रों में महिला की तलाश कर रहे हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।