रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। बीजपुर बाजार स्थित श्रीराम चौक के समीप संचालित एक पैथोलॉजी कलेक्शन सेंटर को स्वास्थ्य विभाग द्वारा सील किए जाने के बावजूद दोबारा संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर के अधीक्षक डॉ. पी. एन. सिंह के नेतृत्व में टीम ने जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए उक्त सेंटर, एक होम्योपैथिक क्लीनिक तथा एक अन्य क्लीनिक को सील किया था। विभाग का कहना था कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं 1 जुलाई को केंद्र सील किए जाने के बाद पैथोलॉजी केंद्र संचालक ने स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने विभाग के एक बाबू पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हीं के कहने पर उनका केंद्र सील किया जबकि उनके पास सारे कागजात मौजूद थे और उसे जांच टीम को दिखाया भी था।
• सील तोड़कर संचालन शुरू करने का आरोप, सीएमओ का पक्ष नहीं हो सका प्राप्त
स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम के लौटते ही संबंधित पैथोलॉजी सेंटर का ताला तोड़कर दोबारा संचालन शुरू कर दिया गया। यह भी दावा किया गया कि संबंधित संचालक पहले भी अलग-अलग नामों से पैथोलॉजी संचालित करता रहा है। ग्रामीणों ने मामले में संबंधित संचालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी सोनभद्र से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। यदि स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई स्पष्टीकरण जारी किया जाता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
.
.