रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। बीजपुर-बखरिहवा मार्ग पर सेवकामोड़ के पास जर्जर पुलिया के निर्माण के दौरान बनाए गए अस्थायी बाईपास मार्ग पर बुधवार रात एक लोड ट्रेलर धंस गया, जिससे गुरुवार सुबह से आवागमन प्रभावित रहा। लगातार हुई बारिश के कारण बाईपास मार्ग की मिट्टी धंस गई और ट्रेलर का पिछला हिस्सा फंस गया। इसके चलते दिनभर वाहन चालकों को जाम और आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम तक ट्रेलर से लदा राख खाली कर उसे निकालने का प्रयास जारी रहा। इस दौरान एक-एक तरफ से वाहनों की आवाजाही कराई जाती रही।
• ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठाए सवाल, पीडब्ल्यूडी ने मरम्मत का दिया आश्वासन
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्यदायी संस्था ने बाईपास मार्ग पर केवल मिट्टी डालकर और सोलिंग बिछाकर खानापूर्ति की है, जिससे भारी वाहन लगातार धंस रहे हैं। लोगों ने आशंका जताई कि बरसात के मौसम में इस मार्ग पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता विनोद भारती ने कहा कि यदि बाईपास मार्ग में कोई समस्या उत्पन्न हुई है तो उसकी मरम्मत कराकर उसे शीघ्र ठीक कराया जाएगा।