रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
राबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री के निर्देश पर मीठापुर गांव पहुंचकर सोन नदी में डूबने से मृत तीन बच्चों के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को सांत्वना देते हुए गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और कहा कि यह अपूरणीय क्षति अत्यंत दुखद है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार इस कठिन समय में पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
• पात्र योजनाओं का लाभ समयबद्ध देने के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने बताया कि मृतक दीपक, बोलबम और संदीप के परिजनों के बैंक खातों में शासन की ओर से ₹4-4 लाख की अहेतुक सहायता राशि भेज दी गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवारों को शासन की सभी पात्र योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जाए। इस अवसर पर सदर विधायक भूपेश चौबे, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, पूर्व सांसद नरेंद्र सिंह कुशवाहा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।