वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। विकासखंड दुद्धी के अंतर्गत ग्राम पंचायत धरतीडोलवा की धांगर बस्ती स्थित प्राथमिक विद्यालय पर शुक्रवार शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान महुआ का विशाल पेड़ गिर गया। पेड़ विद्यालय के कार्यालय और उससे सटे कक्ष पर गिरने से भवन का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना विद्यालय बंद होने के बाद हुई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। प्रधानाध्यापिका धनेश्वरी देवी ने बताया कि विद्यालय में कक्षा एक से पांच तक की पढ़ाई होती है और यहां 91 छात्र नामांकित हैं। फिलहाल क्षतिग्रस्त कक्ष को बंद कर दिया गया है। पेड़ हटने के बाद ही भवन की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सकेगा।
• जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण की उठी मांग
ग्राम प्रधान सुरेंद्र कुमार पासवान ने बताया कि विद्यालय में पहले से ही पर्याप्त कक्ष नहीं हैं और कुछ पुराने भवन जर्जर होकर अनुपयोगी हो चुके हैं। इनके ध्वस्तीकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को कई बार पत्र भेजा गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि विद्यालय पर गिरे महुआ के पेड़ को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से हटाया जा रहा है, वहीं सुरक्षित शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग भी की गई है।